अहरौरा। थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर घाटमपुर के पास मंगलवार की रात सड़क के किनारे खड़े टेंपो में ट्रक की टक्कर से उसमें सवार बालक की मौत हो गई थी। इस हादसे में मृत बालक के चाचा की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार की रात मुकदमा दर्ज किया।
तहरीर में बालक के चाचा बलिराम ने बताया है कि मंगलवार की रात उसका भाई लवकुश अपने पुत्र आयुष (8) निवासी डूहीकला जमालपुर को अपने टेंपो में बैठाकर सोनभद्र के शाहगंज सामान पहुंचा कर घर लौट रहा था। रास्ते में घाटमपुर के पास सड़क के किनारे अपनी टेंपो खड़ी कर लघुशंका करने लगा। उसी दौरान वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक चालक पीछे से टक्कर मारकर भाग गया। इस हादसे में टेंपो में सवार आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए निजी चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। टेंपो भी क्षतिग्रस्त हो गया। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर ट्रक व उसके चालक की तलाश की जा रही है।