ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के हलिया ड्रमंडगंज मार्ग पर स्थित रतेह गांव के पास रविवार की शाम कार के टक्कर से गंभीर रूप से घायल एक छह वर्षीय बालक की उपचार के दौरान देर रात अस्पताल में मौत हो गई।
रतेह गांव निवासी राम अनुज दूबे का छह वर्षीय पुत्र प्रियांश दूबे रविवार की शाम करीब चार बजे अपने घर से 100 मीटर दूर स्थित अपने चाचा के घर जा रहा था। उसी दौरान हलिया की ओर से आ रही कार ने अनियंत्रित होने पर सड़क किनारे चल रहे बालक को टक्कर मार दिया। कार से टक्कर लगते ही बालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन गंभीर रूप से घायल बालक को इलाज के लिए प्रयागराज लेकर चले गए। वहां इलाज के दौरान बालक की मौत हो गई।
उधर बालक को टक्कर मारने के बाद चालक कार लेकर ड्रमंडगंज की ओर भाग निकला। ग्रामीणों ने पीछा कर ड्रमंडगंज में कार रोककर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि जबकि कार का चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में मृत बालक प्रियांश दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता रोजगार की तलाश में मुंबई गए थे। पुत्र की मौत की सूचना मिलने के बाद वे वापस घर लौट रहे हैं।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार पटेल ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार को थाना परिसर में रखा गया है। परिजनों की तहरीर पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।