मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के बरौधा मुसहर बस्ती से बृहस्पतिवार को सुबह लापता हुए दो भाइयों का शव शुक्रवार को सुबह घर के पास पोखरे में पानी में उतराया मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों बच्चों की डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।
क्षेत्र निवासी प्रमोद मुसहर पल्लेदारी का काम करते हैं। वे सुबह साढ़े पांच बजे काम पर गए थे। उनसे तीन पुत्र सनी (7), रोहित (5) और मोहित (1) हैं। दो पुत्र रोहित और मोहित बृह्सपतिवार को लापता हो गए थे। जानकारी होने पर प्रमोद ने तालाब में खोजबीन की, परंतु बच्चों का पता नहीं चल सका। शुक्रवार को सुबह दोनों का शव पास के पोखरे के पानी में उतराया मिला था। कटरा कोतवाल अजय सेठ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है।