मिर्जापुर। संस्कार भारती के सदस्य एवं लोकगीत गायक दयाशंकर जोशी लिखित पुस्तक,‘कजरी मीरजापुरी, बनारसी एवं चौलर’ का विमोचन रविवार को किया गया। विमोचन सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी ओमप्रकाश उपाध्याय ने किया। दयाशंकर जोशी के निवास पर आयोजित संगीत गोष्ठी में पुस्तक विमोचन के पश्चात मुख्य अतिथि ने कहा कि मिर्जापुरी कजरी देशभर में प्रसिद्ध एक लोकगीत विधा है। इसके ऊपर प्रामाणिक साहित्य का अभाव है। इस पर काफी शोध की आवश्यकता है। दयाशंकर ने काफी परिश्रम के साथ इसे लिखा है। विमोचन के पश्चात संगीत गोष्ठी में द्वारका नाथ अग्रहरि, भगवती केसरी, शंभूनाथ चित्रकार, शिवलाल गुप्ता तथा बैकुंठ प्रसाद केसरी ने विभिन्न रागों में सुमधुर भजनों की प्रस्तुति की। राजू सेठ ने तबले पर, पंचम ने ढोलक पर तथा चंद्रशेखर अग्रहरि ने मजीरा पर संगत किया। बुद्धिराम जोशी, छविनाथ मास्टर व संस्कार भारती के मंत्री कृष्ण मोहन गोस्वामी रहे।