अदलहाट। क्षेत्र के घुरहूपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पीछे रखे पुआल के पास शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आस-पास के गावों के लोगों से शिनाख्त कराने की कोशिश की, परंतु शिनाख्त नहीं हो सकी। सूचना पर क्षेत्राधिकारी चुनार भी जांच करने पहुंचे थे।
क्षेत्र के घुरहुपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय के बच्चे दोपहर में खेलते हुए विद्यालय के पीछे रखे पुआल के पास गए तो वहां एक व्यक्ति लेटा हुआ दिखा। इसकी सूचना बच्चों ने शिक्षकों को दी। मौके पर जाकर शिक्षकों ने देखा तो पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। शिक्षकों ने इसकी सूचना गांव के प्रधान को दी। इसके बाद प्रधान ने अदलहाट पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष विजय कुमार चौरसिया ने आस-पास के लोगों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की,परंतु शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। शरीर पर स्लेटी रंग का पैंट है। थानाध्यक्ष विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि एक अज्ञात का शव मिला है। शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है। शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है। तीन दिन में शिनाख्त न होने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारण की पुष्टि हो सकेगी।