पटेहरा। संतनगर थाना क्षेत्र पटेहरा कला गांव में डेयरी फाॅर्म के आगे दीपनगर-कोटवा संपर्क मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप बाइक में टक्कर मारते हुए सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में बाइक चालक की मौके पर मौत हो गई। पिकअप सवार दो लोग घायल हो गए।
ककरद गांव निवासी पिकअप चालक अनिल कुमार गांव के ही वीरेंद्र (32), हरिश्चंद्र (22) तथा दो अन्य साथियों के साथ ककरद से सामान लादने के बाद मड़िहान थाना क्षेत्र के बहुती गांव में उतारकर वापस लौट रहे थे। रास्ते में डेयरी फाॅर्म से 500 मीटर पहले पिकअप अनियंत्रित होकर बाइक चालक को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेब से मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान प्रमुख (39) पुत्र कल्लू कोल निवासी तेंदुहानी दुबार कला थाना लालगंज के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को उपचार के लिए पटेहरा पीएचसी भेजवाया। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पिकअप की टक्कर से बाइक चालक की मौत हो गई है। शव को कब्जे ले लिया गया है।