अदलहाट। थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर पटेल नगर पथरौरा मिल के पास बुधवार को रात करीब नौ बजे बस की चपेट में आने से मृत बाइक सवार अज्ञात युवक की बृहस्पतिवार को सुबह शिनाख्त हो गई। उसकी पहचान जमालपुर थाना क्षेत्र के ओड़ी गांव निवासी नखड़ू बियार के पुत्र दुर्गा प्रसाद (26) के रूप में हुई । बृहस्पतिवार को सुबह उसके भाई सुरेन्द्र की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
सुरेन्द्र ने तहरीर देकर बताया कि उसका छोटा भाई दुर्गा प्रसाद बुधवार को शाम अपने गांव के ही दोस्त अखिलेश (25) के साथ बाइक से अदलहाट बाजार कुछ काम से गया था। वह अपने दोस्त के साथ पटेल नगर पथरौरा मिल के पास पहुंचा था कि तेज रफ्तार से सोनभद्र से वाराणसी की ओर जा रहे बस ने टक्कर मार दिया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए एंबुलेंस की सहायता से एक निजी अस्पताल नरायनपुर भेजवाया। जहां चिकित्सकों ने दुर्गा प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। उसके दोस्त अखिलेश को बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजवाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि शिनाख्त के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।