मड़िहान। थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित वन विभाग कार्यालय के पास शुक्रवार की शाम सामने से पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डाक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। क्षेत्र के देवरी गांव निवासी मनीष पाल (23) पिता रमाशंकर पाल अपने साथी प्रिंस यादव (22) पुत्र रामनरेश यादव और धीरेंद्र पाल (18) पुत्र मखौली पाल के साथ शुक्रवार की शाम को बाइक से किसी काम से निकले थे। तहसील के पास पेट्रोल लेकर बाइक सवार घर जा रहे थे कि वन विभाग के पास सामने सोनभद्र की ओर से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दिया। हादसे में बाइक सवार तीनों साथी गंभीर रुप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टर ने मनीष पाल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रुप से घायल प्रिंस और धीरेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने सूचना परिजनाें को दी। मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। मड़िहान थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि पिकअप की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। दो घायल है। जिनको ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।