मड़िहान/पटेहरा। देहात कोतवाली क्षेत्र के सिरसी मोड़ के पास मंगलवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से दोनों घायलों को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर भेजा। जहां डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे का इलाज चल रहा है।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिल के राजघाट थाना क्षेत्र के रामनगर घुसुरा निवासी सूरज साहनी (36) अपने साथी राकेश साहनी (35) के साथ देहात कोतवाली क्षेत्र के चुनरी बंधा में मछली पालन का काम करते हैं। दोनों मंगलवार की रात सब्जी खरीदने बाजार निकले थे। दोनों घर जा रहे थे, इस बीच रास्ते में सिरसी मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंचे बरकछा चौकी प्रभारी विजय कुमार राय ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल के ट्रामा सेंटर भेजवाया। ट्रामा सेंटर पहुंचने पर डॉक्टर ने सूरज साहनी को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी देहात कोतवाल डीपी यादव ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हुई है। दूसरा घायल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।