ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के रीवा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवहट गांव के पास सोमवार को रात करीब साढ़े 12 बजे ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दिया। इस हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंगलवार को सुबह युवक की शिनाख्त कर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
प्रयागराज जिले के कोराव थाना क्षेत्र के सिरावल बेरी गांव निवासी आशीष कुमार शुक्ल (32) पुत्र हरिप्रसाद शुक्ल सोमवार को अपने साथी राहुल सिंह (38) पुत्र विजय बहादुर सिंह निवासी लोडी हारा हनुमना रीवां मध्य प्रदेश के साथ किसी काम से कहीं गए थे। परिजनों को इसकी जानकारी नहीं थी। सोमवार को देर रात दोनों लोग बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के देवहट गांव के पास ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया। इस हादसे में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर आई। जहां डाक्टर ने आशीष कुमार शुक्ल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राहुल सिंह को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर बाइक सवारों की शिनाख्त में जुटी। जानकारी मिलने पर पुलिस ने आशीष के परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। आशीष दो भाइयों में बड़े थे। उनसे दो पुत्र हैं। आशीष बाहर प्राइवेट नौकरी करते थे। वे नवरात्र के समय छुट्टी पर घर आए थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष अतुल पटेल ने बताया कि ट्रक के टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक सवार दूसरा व्यक्ति घायल हो गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।