चुनार/जमुई। चुनार थाना क्षेत्र के जमुई-अहरौरा मार्ग पर सोमवार की रात सुंदरपुर गांव के समीप सामने से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को टक्कर मार दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने जमुई स्थित पिकेट पर पुलिसकर्मियों को सूचना दी। तब तक बाइक सवार की मौत हो गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान कर परिजनों को सूचना दी। चुनार थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव निवासी मुहम्मद आरिफ (28) पुत्र शरीफ सोमवार को सुबह बाइक से अहरौरा थाना क्षेत्र के पटिहटा गांव अपने बुआ के घर गए थे। उसी रात लगभग आठ बजे वापस अपने गांव आ रहे थे। वे चुनार के सुंदरपुर गांव के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दिया। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रैक्टर चालक गाड़ी को दूर खड़ी कर फरार हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। तब तक घायल बाइक सवार की मौत हो गई थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की सूचना परिजनों को दी। मौत की खबर लगते ही परिजनों व गांव में कोहराम मच गया। मुहम्मद आरिफ सऊदी में बिजली, पाइप वायरिंग का काम करते थे। कोरोना संक्रमण के दौरान वे घर आए थे। उसके बाद से आसपास के गांवों में जाकर काम करते रहते थे। उनसे दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। थानाध्यक्ष त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि ट्रैक्टर के टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।