विंध्याचल। अमरावती चौराहा स्थित मानक समय के पास शुक्रवार को देर रात बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।। दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां एक की मौत हो गई। मौत होने पर परिजन हंगामा करने लगे। परिजनों का आरोप था कि एंबुलेंस देर से पहुंची, इसलिए मौत हो गई। डाॅक्टर का कहना था कि प्राथमिक उपचार कर रेफर कर दिया गया था, परंतु परिजन हंगामा कर मारपीट करने लगे।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के मड़गुड़ा गांव निवासी कन्हैया बिंद (22) अपने साथी पंडित बिंद के साथ बाइक से किसी काम से शुक्रवार की रात विंध्याचल क्षेत्र में गए थे। दोनों रात में करीब 12 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में अमरावती चौराह स्थित मानक समय केंद्र के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों को सीएचसी ले गए। जहां डाॅक्टर ने प्राथमिक उपचार कर रेफर कर दिया। इस बीच एंबुलेंस देर से आने पर परिजन हंगामा करने लगे। इस दौरान युवक की मौत हो गई। हादसे में मृत कन्हैया के पिता प्रभुलाल बिंद का आरोप है कि एंबुलेंस डेढ़ घंटे बाद पहुंची। इससे उनके पुत्र की मौत हो गई। उधर, हंगामा होने पर डाॅक्टर का आरोप है कि प्राथमिक उपचार कर घायल को रेफर कर दिया गया था। इस पर परिजनों ने हंगामा करते हुए मारपीट की। सीएमओ डाॅ. सीएल वर्मा ने बताया कि परिजन एंबुलेंस देर से आने का आरोप लगा रहे हैं। एंबुलेंस कर्मियों का कहना है कि देर नहीं हुई थी, वे सीएचसी पहुंच गए थे, परंतु मारपीट और हंगामा देख गाड़ी अंदर ले गए। इसकी जांच कराई जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा डॉक्टर के साथ भी मारपीट की गई है। डाॅक्टर ने सीएचसी प्रभारी को शिकायती पत्र दिया है।