हलिया। थाना क्षेत्र के हलिया-लालगंज मार्ग पर गढ़वा गांव के पास मंगलवार की रात टैंकर ने बाइक सवार को टक्कर मार दिया। टक्कर के बाद बाइक से गिरकर युवक टैंकर की चपेट में आ गया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। टैंकर चालक मौका पाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। लालगंज थाना क्षेत्र के उसरी खम्हरिया गांव निवासी मुन्नालाल (32) मंगलवार को दोपहर में किसी काम से बाइक से हलिया गए थे। देर शाम वे बाइक से घर लौट रहे थे। घर लौटते समय वे हलिया थाना क्षेत्र के गढ़वा गांव के पास पहुंचे कि अनियंत्रित टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दिया। टक्कर लगने के बाद मुन्नालाल बाइकसे सड़क पर गिर गए। इस बीच टैंकर उन्हें कुचलते हुए आगे बढ़ गई। चालक टैंकर लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप घायल युवक को लेकर अस्पताल पहुंची। जहां डाॅक्टर ने मुन्नालाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के पास मिले कागजात से शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। हलिया थानाध्यक्ष विष्णु प्रभा सिंह ने बताया कि टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फरार टैंकर चालक की तलाश की जा रही है।