चुनार कोतवाली क्षेत्र के वाराणसी राजमार्ग -74 पर मुंदीपुर के पास शनिवार की रात बाइक सवार दो लोग सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में जा टकराए। इस हादसे बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्राली सवार हादसे के बाद बाइक सवारों को किनारे कर मौके से फरार हो गए। सुबह टहलने गए लोगों ने शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
सीखड़ निवासी शिवशंकर शर्मा हिंडालको में नौकरी करते हैं। उनके छोटे पुत्र जितेंद्र शर्मा उर्फ दीपक (30) इंजीनियर थे। उनकी नवंबर में शादी होने वाली थी। शादी के के लिए दीपक माता-पिता व ममेरे भाई जितेंद्र कुमार (28) पुत्र शेषमणि शर्मा निवासी ककरहा छटहा थाना पड़री के साथ वाराणसी गए थे। शनिवार की रात माता-पिता सामान लेकर वाराणसी से हिंडालको चले गए। जितेंद्र अपने चचेरे भाई के साथ सीखड़ स्थित गांव लौट रहे थे। जितेंद्र ने गांव में अपने बड़े पिता प्रेम शंकर शर्मा को फोन कर बताया था कि वे वाराणसी में ही भोजन करके घर लौट रहे हैं।
उधर, वाराणसी राजमार्ग-74 पर मुंदीपुर गांव के पास ओवरलोड भस्सी लदी ट्रैक्टर की बेयरिंग खराब हो गई थी। ट्रैक्टर बीच रास्ते पर खड़ा था। उसकी मरम्मत की जा रही थी। रात में घर लौटते समय बाइक सवार ट्रैक्टर में जा भिड़े। बाइक सवार जितेंद्र शर्मा हेलमेट लगाए हुए थे, लेकिन हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। ट्रैक्टर की मरम्मत करा रहे लोग दोनों के शवों को किनारे झाड़ी की ओर करके भाग गए। रविवार को सुबह करीब पांच बजे टहलने गए लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची चुनार पुलिस ने शवों की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। बाद में शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ चुनार रामानंद राय का कहना है कि खराब ट्रैक्टर को सड़क किनारे खड़ा कर बनाया जा रहा था। बाइक सवार दो लोगों की ट्रैक्टर से टकराकर मौत हुई है। ट्रैक्टर चालक भी रात को इलाज के लिए न ले जाकर भाग गए। ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।