पटेहरा। देहात कोतवाली क्षेत्र के भिस्कुरी गांव से लापता एक युवक की बाइक एक सप्ताह बाद बृहस्पतिवार की शाम को लालगंज थाना क्षेत्र के बहुती जंगल में मिली। पास में उसका गमछा मिला, पर युवक का पता नहीं चल सका है। बाइक मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन किसी प्रकार की अनहोनी को लेकर परेशान है। देहात कोतवाली क्षेत्र के भिस्कुरी गांव निवासी अशोक (30) पुत्र बाबू लाल एक सप्ताह पूर्व घर से बाइक लेकर निकला, उसके बाद घर नहीं लौटा। घर न आने परिजनों ने खोजबीन किया। खोजबीन करने के बाद उसका पता न चलने पर परिजनों ने देहात कोतवाली में तहरीर दिया। पुलिस गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी। बृहस्पतिवार की शाम को लालगंज थाना क्षेत्र के बहुती जंगल में उसकी बाइक जली अवस्था में मिली। पास में उसका गमछा मिला। जली बाइक देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक की शिनाख्त कर युवक के परिजनों को सूचना दिया। लालगंज सीओ उमाशंकर सिंह ने बताया कि जली बाइक के पास युवक का गमछा मिला। युवक की तलाश की जा रही है।