नवोदय विद्यालय में पानी टंकी पर मधुमक्खियों का डेरा। -संवाद।
पटेहरा। जवाहर नवोदय विद्यालय में मेस के बगल में बनी पानी टंकी पर मधुमक्खियाें ने डेरा डाल रखा है। इससे टंकी की साफ- सफाई में बाधा हो रही है। दूषित पानी के सेवन से चार अक्तूबर को विद्यालय के 40 छात्र डायरिया की चपेट में आ गए थे। छात्रों के बीमार होने की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद पांच अक्तूबर को डीएम पवन कुमार गंगवार ने विद्यालय का निरीक्षण कर छात्रों का हाल जाना था। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में बनी हवाई पानी की टंकी में मधुमक्खियाें का छत्ता देख जिलाधिकारी ने तत्काल छत्ता हटवाकर पानी टंकी की सफाई कराने के निर्देश दिया था। एक माह बीतने के बाद आठ नवंबर 2025 को जिलाधिकारी ने पुनः विद्यालय का निरीक्षण कर पानी टंकी भारी तादात में मधुमक्खी का छत्ता देख नाराजगी जताते हुए तत्काल हटवाने व टंकी की सफाई कराने का निर्देश दिया था। तीन माह बीत गए अभी तक पानी की टंकी से मधुमक्खी का छत्ता नहीं हटाया गया। इससे पानी टंकी की साफ-सफाई नहीं हो पा रही है। मधुमक्खी के छत्ते से जहां एक तरफ छात्रों को खतरा भी है तो वहीं दूसरी तरफ टंकी की सफाई न होने से दूषित पानी का खतरा बना हुआ है। प्राचार्य रामसिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर मधुमक्खियों का छत्ता हटवाया गया था। दो -दिन बाद मधुमक्खियों ने फिर वहीं छत्ता बना दिया है।