पटेहरा। ददरी फाॅल पर परिजनों के साथ पिकनिक मनाने गए बीयर बार संचालक नहाते समय गहरे पानी में जाने से बह गया। डूबने पर फाटक बंद कराया गया। खोजबीन के दौरान डेढ़ किमी दूर शव मिला।
वाराणसी के लहरतारा निवासी आदित्य (25) ने बताया कि शनिवार को पिता अनिल रावत (55) पिकनिक मनाने के लिए मां कलावती व बहन सोनाली, प्रिंसी व अन्य रिश्तेदारों के साथ ददरी बांध गए थे। बांध के दो फाटक खुले होने के कारण पानी का बहाव तेज था। सभी लोग फाॅल में किनारे ही नहा रहे थे। पिता नहाते समय गहरे पानी की तरफ गए और तेज बहाव में बह गए। पिता को डूबते देख सभी लोग लाचार होकर चीखने-चिल्लाने लगे। पानी का बहाव तेज होने के कारण पिता का कहीं पता नहीं चला। पुलिस की मदद से फाटक को बंद करवाया। फाटक बंद होने पर पानी कम हुआ। करीब 40 से 45 मिनट बाद पिता डेढ़ किमी दूर एक पत्थर के पास पड़े दिखे। इसके बाद उन्हें बाहर निकाला गया। अपने निजी साधन से इलाज के लिए पटेहरा पीएचसी ले गए। जहां देखते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि नहाते समय डूबने से अनिल रावत की मौत हो गई। पुत्र की तहरीर पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ।