मिर्जापुर। मनरेगा के कार्यों में लापरवाही बरतने पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने उपायुक्त मनरेगा मो. नफीस को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांग लिया है। मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी पहाड़ी का जून माह का भी वेतन रोक दिया है।
मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि ब्लाॅक प्रमुख एवं खण्ड विकास अधिकारियों के साथ 19 जून को बैठक की गई थी। उस बैठक में यह तथ्य सामने आया कि दो साल से विकास खंड पहाड़ी में मनरेगा के तहत क्षेत्र पंचायत निधि से कुल 41 कार्यों के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। जिसमें 21 कार्यों का प्राक्कलन भी किया जा चुका है, अभी तक तकनीकी सर्वे नहीं किया गया है। साथ ही प्राक्कलन के अनुसार कोई कार्य भी प्रारंभ नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि बैठक में उपायुक्त श्रम रोजगार एवं खण्ड विकास अधिकारी पहाड़ी को एक सप्ताह के अंदर कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया था। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि इसी तरह से दिशा की बैठक एवं उप मुख्यमंत्री व ब्लॉक प्रमुखों के 22 जून को आयोजित सम्मेलन में भी इस मामले की शिकायत की गई थी। इसके बाद भी अभी तक कार्य शुरू नहीं किया गया।
उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बावजूद कार्य शुरू नहीं कराने पर लापरवाही के आरोप में उपायुक्त श्रम रोजगार को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके अलवा खंड विकास अधिकारी पहाड़ी का जून माह का वेतन रोककर एक सप्ताह के अंदर कार्य शुरू कराने को कहा गया है। एक सप्ताह में कार्य शुरू नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की उन्होंने चेतावनी भी दी।