मिर्जापुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग द्वारा कराए गए जल जीवन मिशन के कार्यों का सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन खंड विकास अधिकारी करेंगे। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने सभी खंड विकास अधिकारियों को जल जीवन मिशन के कार्यों के सत्यापन का निर्देश दिया है।
जिले के कई ग्राम पंचायतों में जलापूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाई जा रही है। जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को जल जीवन के मिशन के कार्यों का सत्यापन करने का निर्देश दिया है। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को जल जीवन मिशन के तहत कराए गए कार्यों का रैंडम आधार पर सत्यापन करने का निर्देश दिया है। मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को रैंडम आधार पर धनीपट्टी (सिटी), श्रीपट्टी (कोन), कलना (छानबे), मेढ़रा (लालगंज), बरया (हलिया), अकसौली (पहाड़ी), मलुआ (पटेहराकला), धौडां (राजगढ़), बंगला देवरिया (नरायनपुर), बहुआर (जमालपुर), महामलपुर (मझवां) एवं मुकुन्दपुर (सीखड़) में छह जून को जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइप लाइन का सत्यापन करने का निर्देश दिया है। उन्होंने हाउस होल्ड कलेक्शन का निरीक्षण कर जियो टैग युक्त फोटाग्राफ, लाभार्थियों एवं ग्राम प्रधान के फीडबैक आदि की 6 जून तक रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने को कहा है।