जमालपुर। बर्ड फ्लू के खौफ के बीच बुधवार को एक बाग में पेड़ पर मरा चमगादड़ देख ग्रामीण सहम गए। क्षेत्र के ग्रामीण सुबह टहल रहे थे कि किसी की निगाह क्षेत्र के सहजनी गांव निवासी नंदू मौर्य के बगीचे में पड़ी। डाली पर मृत अवस्था में लगभग एक किलोग्राम का चमगादड़ देख लोग सन्न रह गए। लोगों में बर्ड फ्लू की चर्चा होने लगी। ग्रामीणों की सूचना पर पशु चिकित्साधिकारी अजय कुमार जायसवाल मौके पर पहुंचकर उसे नीचे उतरवाया। चमगादड़ के शरीर पर कुछ स्थानों पर चोट के निशान पाए गए। पशु चिकित्सक ने कहा इसमें किसी प्रकार का संक्रमण नहीं होता। उन्होंने चमगादड़ को जमीन में गड़वा दिया। पशु चिकित्साधिकारी ने लोगों से किसी भी अफवाह से बचने की सलाह दी है।