जिगना। विंध्याचल थाना क्षेत्र के एक बैंक शाखा के कैशियर के साथ मंगलवार को सुबह एक ग्राहक से कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस पर कर्मचारी बैंक बंद कर विंध्याचल थाने चले गए। वहां से अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे लौटे, तब लेनदेन शुरू हुआ। इससे बैंक में लेनदेन प्रभावित रहा।
भैदपुर गांव निवासी एक बैंक ग्राहक ने सोमवार को 12 हजार रुपये निकालने के लिए पर्ची भरी थी। आरोप है कि बैंक कैशियर रितेश राज ने रुपये कम होने का हवाला देते हुए पांच हजार रुपये ही निकालने के लिए कहा। इस बात को लेकर दोनों में बहस हो गई। इसके बाद ग्राहक रुपये लिए बगैर लौट गया। मंगलवार को बैंक कैशियर की जोपा बाजार में ग्राहक से मुलाकात हो गई और दोनों में बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई हो गई। उधर, घटना से नाराज शाखा प्रबंधक अभय शंकर पाठक कैशियर को लेकर मुकदमा दर्ज कराने विंध्याचल थाने चले गए। थाने से लौटने पर अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे से बैंक में लेनदेन शुरू हुआ। थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने बताया कि कैशियर और बैंक ग्राहक के बीच बहस हुई थी। बुधवार को दोनों पक्ष को बुलाया गया है। फिलहाल कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।