मिर्जापुर। जिला महिला अस्पताल में बुधवार को महिला कल्याण विभाग की तरफ से 25 नवजात बच्चियों के कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नवजात बच्चियों के अभिभावकों को बधाई-पत्र, बेबी किट एवं बच्चियों के हाथों से केक कटवाकर बधाई दी गई।
जिला पूर्ति अधिकारी संजय प्रसाद, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, महिला चिकित्सालय प्रभारी डाॅ. जुहीदेश पाण्डेय की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में कहा गया कि बच्चियां साथ में खुशियों की सौगात लाई हैं। उन्हें शिक्षा दीजिए। इस दौरान बेटियों की पढ़ाई के लिए सरकार की तरफ से विभिन्न प्रकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बच्चियों को पढ़ाई के लिए छह किस्तों में 15000 रुपये दिए जाते हैं। जिला मिशन समन्वयक डाॅ. मंजू यादव व उनकी टीम द्वारा लोगों को स्टीकर, पंपलेट आदि वितरित कर मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के लिए आवेदन करने के तरीकों की जानकारी दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, निराश्रित पेंशन आदि विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।