मिर्जापुर। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित 68वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय बालक एवं बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को हुए पहले मैच में अंडर-14 बालिका वर्ग में आजमगढ़ ने मुरादाबाद को 41-18 से हरा दिया।
इसी वर्ग में अन्य मैचों में गोरखपुर ने चित्रकूट को 28-05 से हराया। अंडर-14 बालक वर्ग में वाराणसी ने 36-19 से गोरखपुर को हराया। इसी वर्ग में वाराणसी ने 36-17 से लखनऊ, आजमगढ़ ने चित्रकूट को, आजमगढ़ ने अयोध्या को, सहारनपुर ने मेरठ को और मेरठ ने बरेली को हराया। इसी वर्ग में स्पोर्ट्स काॅलेज सैफई ने मुरादाबाद की टीम को 43-07 से हराया। अंडर-17 बालिका वर्ग में वाराणसी ने बरेली को 39-07 से हराया। अंडर-19 में कानपुर ने मुरादाबाद को 35-16 तथा कानपुर ने झांसी को 17-04 से हराया। इसी प्रकार इसी वर्ग में बरेली ने बस्ती को, वाराणसी ने देवीपाटन को, देवीपाटन ने बस्ती को, मिर्जापुर ने सहारनपुर को, सहारनपुर ने लखनऊ तथा अयोध्या ने चित्रकूट को हराया। दूसरे दिन के खेल में एमएलसी विनीत कुमार सिंह मुख्य अतिथि रहे। संयुक्त शिक्षा निदेशक उदयभान, डीआईओएस राजकुमार दीक्षित आदि ने माल्यार्पण कर व बुके देकर स्वागत किया। एमएलसी ने कबड्डी प्रतियोगिता में भाग ले रहे प्रतिभावान छात्र-छात्राओं से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के जीवन में खेल का विशेष महत्व है। हमें छात्र जीवन से ही अपनी रुचि के अनुसार किसी न किसी खेल में अवश्य प्रतिभाग करना चाहिए। इसे भाईचारा तथा खेल भावना के साथ आपस में मिल जुलकर खेलना चाहिए।