जिगना। थाना क्षेत्र के रन्नोपट्टी गांव से बुधवार को शाम को घर से निकला ऑटो चालक बृहस्पतिवार को सुबह घर के पास घायल अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, उस बीच रास्ते में उसकी मौत हो गई। ऑटो चालक की पत्नी ने बृहस्पतिवार को शाम को थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
रन्नोपट्टी गांव निवासी मुकेश कुमार पाल (22) ऑटो चालक थे। ऑटो चलाकर वे परिवार के सदस्यों का भरण-पोषण करते थे। पत्नी आरती ने बताया कि बुधवार को शाम को पति को एक आदमी अपने साथ लेकर गया था। बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे संतोष यादव ने बताया कि मुकेश घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा है। घर ले आने के बाद हालत ज्यादा खराब होेने पर मुकेश को अस्पताल ले जा रहे थे कि इस बीच पति ने दम तोड़ दिया। शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। आरती पाल ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मुकेश दो भाइयों में छोटा था। पत्नी तथा एक साल के पुत्र शिवांश और मां बेला देवी के साथ घर पर रहता था। बड़ा भाई अमरेश परिवार के साथ पुणे में रहता है। थानाध्यक्ष निरीक्षक शैलेश कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।