पटेहरा। संतनगर थाना क्षेत्र के सिरसी गांव में मोनो ब्लॉक चोरी की घटना में मुर्गा मांगते पुलिसकर्मी का ऑडियो वायरल हो रहा है। इस मामले में संतनगर थानाध्यक्ष ने जांच करने की बात कही है।
सिरसी गांव निवासी राजेश्वर ने बताया कि लगभग 25 दिन पहले दवा के लिए घर पर ताला बंद कर परिवार के सभी लोग वाराणसी गए थे। घर खाली देख गांव के ही कुछ लोग मोनो ब्लॉक चोरी कर ले गए। उन्होंने नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। राजेश्वर का आरोप है कि चोरी के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया। तीनों ने मोनो ब्लॉक चोरी की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दबाव बनाकर 15 दिन में चोरी गए मोनो ब्लॉक अथवा पैसा वापस करने के लिए सुलह- समझौता करा दिया। राजेश्वर के मुताबिक 15 दिन बीतने के बाद न तो मोनो ब्लॉक मिला और न ही पैसे मिला। उन्होंने फिर से थाना प्रभारी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी ने हल्का दरोगा और कांस्टेबल से मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी। इसी बीच हल्का सिपाही का एक ऑडियो वायरल हो गया। वायरल ऑडियो में कांस्टेबल द्वारा कहा जा रहा है कि पुनः तहरीर पड़ी तो थाने में एक मुर्गा लाकर छोड़ दो, बाकी हम देख लेंगे। ऑडियो वायरल होने के बाद संतनगर थाना प्रभारी ने दोनों पक्ष को थाने बुलाया। थानाध्यक्ष समर बहादुर ने बताया कि दोनों पक्ष को थाने बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।