लालगंज हाईवे पर लगा जाम, पहुंची पुलिस। स्रोत- संवाद
- फोटो : हादसे में जान गंवाने वाले स्टेशन मास्टर श्रवण कुमार।
लालगंज । वाराणसी–रीवा हाईवे पर सड़क सुरक्षा माह अभियान के तहत वाहन चेकिंग के दौरान ट्रक चालक ने यात्रीकर अधिकारी पर ट्रक चढ़ाने के प्रयास किया। इसके बाद खतरनाक तरीके से ट्रक सड़क पर खड़ा कर दिया, जिससे जाम लग गया। पुलिस ने करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त कराया। यात्रीकर अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चालक माजिद अली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया। यात्रीकर अधिकारी महेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि वह हाईवे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुंबई से पटना जा रहा ट्रक रोके जाने पर चालक ने प्रवर्तन दल के वाहन पर ट्रक चढ़ाने और ठोकर मारने का प्रयास किया। चालक की सतर्कता से वाहन को सुरक्षित बचा लिया गया। सुल्तानपुर जनपद निवासी ट्रक चालक माजिद अली ने तुलसी गांव के पास खतरनाक तरीके से ट्रक खड़ा कर चक्काजाम कर दिया। इससे करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर लालगंज थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह व लहंगपुर चौकी प्रभारी सुजीत सेठ मौके पर पहुंचकर जाम समाप्त कराया। चालक माजिद अली का कहना है कि तुलसी गांव स्थित ओवरब्रिज के ढलान पर ट्रक रोकने के दौरान प्रवर्तन दल आगे आ गया। उसके साथ मारपीट की गई। लालगंज थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।