अहरौरा। थाना क्षेत्र के हिनौता गांव में मंगलवार को सुबह लेनदेन के विवाद में धारदार हथियार से हुए हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन घायल को इलाज के लिए सीएचसी ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
पुलिस को दी गई तहरीर में घायल युवक की पत्नी पूनम देवी ने आरोप लगाया है कि मंगलवार को सुबह उसके पति संतोष पटेल (35) निवासी ग्राम मधुपुर, थाना राबर्ट्सगंज, जिला सोनभद्र को विपक्षी शिवकुमार पाल ने बहाने से हिनौता स्थित अपने घर बुलाया। ट्रक पकड़े जाने की बात को लेकर विवाद करने लगा। उसी बीच अचानक शिव कुमार पाल और उसके साथी ओमप्रकाश पाल तथा रामदुलारे ने लाठी-डंडे तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में पति संतोष पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। सास मंजू देवी ने बचाव के लिए आसपास के लोगों से गुहार लगाई तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। ग्रामीणों की मदद से परिवार के लोग घायल संतोष को लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।