मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के विजयपुर कोठी मोहल्ले में स्थित मकान पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद के मामले में न्यायालय नगर मजिस्ट्रेट के आदेश पर सोमवार को शहर कोतवाल पुलिस ने कुर्की का नोटिस चस्पा किया।
मंडलीय अस्पताल की स्टाफ नर्स सुषमा पांडेय ने बताया कि उनके पति ने जमीन ली थी। जमीन घेरवाकर एक कमरे का निर्माण कराया गया। मकान को किराए पर रहने के लिए एक कर्मचारी को दिया गया तो उसने कब्जा कर लिया। पति की मौत के बाद तीन बच्चों की जिम्मेदारी उसके ऊपर है। दूसरे पक्ष के नीलेश कुमार चौबे उस पर अपनी दावेदारी कर रहे हैं। मामला नगर मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पहुंचा। न्यायालय ने शहर कोतवाली पुलिस को कुकी का नोटिस चस्पा करने का आदेश दिया। शहर कोतवाल बालमुकुंद मिश्रा और अस्पताल चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर मकान को कुर्क करने का नोटिस चस्पा किया। शहर कोतवाल बाल मुकुंद ने बताया कि विवादित मकान पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद के मामले में नगर मजिस्ट्रेट के आदेश पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया गया है। न्यायालय के आदेश के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।