नगर के तीन अशासकीय अनुदानित महाविद्यालयों में सहायक प्रोफेसरों के रिक्त पदों की पूर्ति शुरु हो गई है। उच्च शिक्षा चयन आयोग के माध्यम से चयनित लगभग 31 सहायक प्रोफेसरों की तैनाती इन तीन महाविद्यालयों में की गई है।
केबी कालेज के प्राचार्य डा. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि महाविद्यालय में सहायक प्रोफेसरों के 31 पद रिक्त थे। जिसमें से 22 पर नियुक्ति हो गई है। चयनित लोग कार्यभार भी ग्रहण कर रहे हैं। इससे महाविद्यालय का पठन पाठन काफी बेहतर हो सकेगा। केबीपीजी कॉलेज में रसायन शास्त्र विभाग में चार, बॉटनी-जूलाजी में दो-दो, मध्यकालीन इतिहास में चार, भूगोल में दो, हिन्दी व संस्कृत विषय में एक-एक, सैन्य विज्ञान में दो और बीएड विभाग में पांच सहायक प्रोफेसरों की नियुक्ति हुई है। महाविद्यालय के प्राचार्य डा. अशोक सिंह ने बताया कि क्रमश: सभी नव नियुक्त असिस्टेंट प्रोफेसर ज्वाइन भी कर रहे हैं। इसी प्रकार जीडी बिनानी पीजी कालेज में कामर्स में तीन और समाज शास्त्र और मनोविज्ञान विषय में एक-एक असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति हुई है। कालेज की प्राचार्य डा. बीना देवी सिंह ने बताया कि कामर्स में एक को छोड़कर सभी सहायक आचार्यों ने ज्वाइन कर लिया है। इसी प्रकार कमला माहेश्वरी पीजी कालेज में इतिहास विषय में एक, हिन्दी में एक, संस्कृत में एक और गायन में एक असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्त हुए हैं।
स्नातक में प्रवेश के लिए 20 तक करें आवेदन
मिर्जापुर। केबी पीजी कालेज के प्राचार्य डा. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए आवेदन करने की तिथि 11 जुलाई से बढ़ाकर 20 जुलाई कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यूपी बोर्ड का रिजल्ट तो आ गया है लेकिन सीबीएसई व आईसीएसई का रिजल्ट न आने की वजह से तिथि बढ़ाई गई है।