चुनार। चुनार कोतवाली पुलिस ने दुर्गा जी मोड़ जंगल के पास दबिश देकर असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है। मौके से शस्त्र बनाने के सामान, तीन तमंचा और 1400 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
एएसपी ऑपरेशन ओपी सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस छानबीन में जुटी थी। इस बीच थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि दुर्गा जी मोड़ जंगल में तमंचा बनाने का काम चल रहा है। इसके बाद चुनार पुलिस ने दुर्गाजी मोड़ से सक्तेशगढ़ जाने वाले मार्ग के जंगल में बने एक कमरे में दबिश देकर शनि सोनकर निवासी सरैया सिकंदरपुर थाना चुनार को गिरफ्तार किया। छानबीन के दौरान मौके पर शस्त्र निर्माण के लिए बनाई गई भट्ठी दिखी। इसके अलावा मौके पर लोहे की आरी, पेचकस, हथौड़ी, छेनी, प्लास, पांच लोहे की छोटी-बड़ी नाल, दो लोहे की पाइप, 20 स्क्रू, तीन स्प्रिंग, लोहे की फूकनी, लोहे का गुटका और टार्च आदि बरामद हुई। आरोपी के पास से तीन तमंचा बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह तमंचा बनाने के अलावा मरम्मत और उसकी बिक्री का काम करता है। तमंचा सात-सात हजार रुपये में बेचकर प्राप्त धनराशि का उपयोग भौतिक सुख-सुविधाओं के लिए करता है। एएसपी ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया।