जमालपुर। स्थानीय ब्लाक सभागार में ब्लाक प्रमुख मंजू सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई क्षेत्र पंचायत की बैठक में पिछली कार्यवाही की पुष्टि की गई। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष में विकास कार्यों के लिए 52 करोड़, 12 लाख, 33 हजार रूपये का बजट स्वीकृत किया गया। इस पर सदन के सदस्यों ने ध्वनिमत से अपनी मंजूरी दे दी।
बजट में मनरेगा के लिए 6 लाख, 23 हजार 419 मानव दिवस का सृजन कर 23 करोड़, 89 लाख, 77 हजार रूपये का बजट पारित किया गया। पंचम वित्त से क्षेत्र पंचायत के लिए एक करोड़, 51 लाख, 15 हजार एवं ग्राम पंचायत के लिए 10 करोड़, 86 लाख, 77 हजार रूपये स्वीकृत किया गया। केंद्रीय वित्त से क्षेत्र पंचायत के लिए एक करोड़, 73 लाख, 44 हजार रुपये एवं ग्राम पंचायत के लिए 14 करोड़, 11 लाख, 20 हजार रूपये स्वीकृत किया गया। लघु सिंचाई विभाग की तरफ से विकास खंड में 164 बोरिंग कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। जिसमें 80 सामान्य वर्ग एवं 84 बोरिंग अनुसूचित वर्ग के किसानों के लिए निर्धारित किया गया। हरदी सहिजनी ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान नरसिंह चौहान ने क्षेत्र में छुट्टा पशुओं की समस्या से सदन को अवगत कराते हुए समस्या के समाधान की मांग की।
उन्होंने बताया कि छुट्टा पशु किसानों की फसलों को नुकसान कर रहे है। ककरही ग्राम प्रधान अभिनव तिवारी ने कोविड के समय खरीद किए गए थर्मल स्कैनर के गायब होने से सदन को अवगत कराया। पशु चिकित्साधिकारी डा.संतोष गिरी, सीएचसी प्रभारी एम आर रहमान, एडीओ कोआपरेटिव ईत्यादि ने अपने विभाग की योजनाओं से सदन के सदस्यों को अवगत कराया। इस दौरान ग्राम आनंद पटेल, बिहारी बियार, रामप्यारे आदि ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।