मिर्जापुर। यूपी बोर्ड की पहले दिन की परीक्षा के बाद सभी उत्तर पुस्तिकाओं को संकलन केंद्रों में सुरक्षित रखवाया गया। जिले में आठ संकलन केंद्र बनाए गए हैं। क्षेत्रवार उत्तर पुस्तिकाओं को संकलित कर संबंधित संकलन केंद्र में रखवाया जा रहा है। उत्तर पुस्तिकाओं व प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए रात में भी निगरानी की व्यवस्था की गई है ताकि कोई गड़बड़ी न हो सके। सभी परीक्षा केंद्रों और संकलन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वायस रिकार्डर की व्यवस्था की ही गई है। साथ ही पर्यवेक्षकों की भी तैनाती की गई है जो रात में भी केंद्रों की निगरानी करेंगे। इस बार यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा 117 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। इसमें हाईस्कूल व इंटरमीडिएट मिलाकर 72731 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैंं। पहले दिन मुख्य विषय हिंदी की परीक्षा के बाद शुक्रवार को संगीत व अन्य विषय की परीक्षा थी। अब 24, 25 व 26 फरवरी को कोई परीक्षा नहीं है। अब 27 फरवरी को हाईस्कूल की गणित विषय की बड़ी परीक्षा होगी। इसके लिए शिक्षा विभाग लगातार सतर्कता बरत रहा है और परीक्षा की शुचिता पर आंच न आए। इसके लिए लगातार प्रयास भी कर रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ सिंह ने बताया कि किसी भी प्रकार की कोई शिकायत मिलने पर त्वरित व कठोर कार्रवाई की जाएगी।