विंध्याचल। वैशाख प्रतिपदा पर शुक्रवार की मध्य रात्रि में मां विंध्यवासिनी का वार्षिक निकारी पूजन किया गया। प्रत्येक वर्ष वैशाख प्रतिपदा के दिन मां विंध्यवासिनी दरबार में विशेष महापूजन का आयोजन किया जाता है।शुक्रवार को सुबह घटाभिषेक व रात्रि में महापूजन के पश्चात सभी के सहयोग से श्री विंध्य पंडा समाज की ओर से चौक प्रांगण में मां विंध्यवासिनी के प्रतीक स्वरूप का पूजन किया गया। रात्रि में मंदिर का कपाट बंद होने के पश्चात काफी संख्या में लोगों ने पूरे विंध्य क्षेत्र की परिक्रमा की। जगह-जगह देवी और देवताओं का पूजन कर विंध्य की पहाड़ियों पर निकारी पूजन कर पूर्णाहुति की। मान्यता है कि वार्षिक पूजन के पश्चात विंध्य क्षेत्र की समस्त नकारात्मक ऊर्जा समाप्त हो जाती है। इस दौरान श्री विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी, मंत्री भानू पाठक सहित क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।