पटेहरा। थाना संतनगर क्षेत्र में अंधेरी रात में हाई वोेल्टेज बिजली के खुले तार दौड़ाकर जंगली सुअर मारने की कोशिशें तेज हो गई हैं। लालगंज रेंज के देवरी, दुबार खास, पथरौर, मझारी, कुहकी, मुस्किरा, अमोई, सिरसी रेंज के रैकल, राहकला, समसदिया, सिरसी, लेदुकी, बोदा, रामपुर अतरी में ग्यारह हजार के साथ एल टी लाइन के तार जोड़ कर लोग जंगली सुअर, हिरन, खरगोश का शिकार कर रहे हैं। रात में फैले ऐसे तार ग्रामीणों के जान का खतरा बना हुआ है। मामले से वन विभाग व पुलिस महकमा अनजान बना हुआ है।
पिछले सप्ताह में सिरसी रेंज के आरक्षित वन क्षेत्र घोरी कंपार्टमेंट में बारूद के गोले से जंगली सुअर का शिकार कर उसे बेचते वीडियो वायरल कर दिया। रेंजर सिरसी को वायरल विडियो की जानकारी हुई तो वन रक्षक को प्रकरण की जांच के लिए भेजा गया। आरोपित जुर्म स्वीकारने के बजाय वनरक्षक से ही उलझ गया। वनरक्षक द्वारा थाना संतनगर में 19 दिसंबर को राहकला के पांच लोगों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत लिखित तहरीर दिया है। रेंजर सिरसी गिरिराज ने बताया मामला संज्ञान में है। कार्यवाही की गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष संतनगर राम सरीख गौतम ने बताया की इस तरह का कोई मामला जानकारी में नहीं आया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।