जिगना। विकास खंड छानबे में हर घर नल जल योजना के तहत डाली जा रही पाइप लाइन डालने में मनमानी की जा रही है। खम्हरियाकला भिलौरा मार्ग पर पाइप डालने के लिए पटरी के बजाय सड़क को ही बीचोबीच खुदाई करके पाइप डाली जा रही है जिससे ग्रामीणों मेें रोष व्याप्त है। पाइप लाइन डालने में ठेकेदार ने न तो मानक अथवा नियम का पालन किया है और न ही जन सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। जिस स्थान पर जहां व जैसे समझ में आया खुदाई कर पाइप डाल दिया। पाइप डालने के बाद उसे ठीक ढंग से ढंका भी नहीं जा रहा है। परिणाम यह कि उक्त गड्ढे में आए दिन बाइक, आटो सहित अन्य वाहन के चक्के गड्ढे में फंस रहे हैं। कहीं कहीं तो खोद कर छोड़े गए गड्ढे में लोग गिर कर घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए ठेकेदारों के मनमानी रवैया पर रोक लगाने व नियमानुसार कार्य कराने की मांग किया है।