जिगना। थाना क्षेत्र के मिर्जापुर-प्रयागपुर मार्ग पर गोनौरा गांव के जिगना तिराहा बाजार में अपने घर के दरवाजे पर सोई वृद्धा पर बृहस्पतिवार को सुबह किसी बदमाश ने धारदार हथियार से चेहरे पर हमला कर दिया। इससे वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर मचाने पर जब तक परिजन पहुंचे, हमलावर भाग चुके थे।
मिर्जापुर-प्रयागपुर मार्ग पर गोनौरा गांव जिगना तिराहा पर दुआसी देवी (95) घर के सामने बरामदे के पास सोई हुई थीं। पास में ही उनके पुत्र छोटेलाल भी पंखा लगाकर सोए थे। भोर में करीब तीन बजे बिजली कट जाने पर छोटेलाल घर के अंदर कमरे में लगे पंखे के पास सोने चले गए। सुबह करीब चार बजे हमलवार ने वृद्धा दुआसी देवी पर किसी धारदार हथियार से हमला क दिया। इससे वृद्धा के आंख के पास तीन जगह चोटें आई हैं। चीख पुकार सुनकर परिजन बाहर आए तो हमलावर फरार हो चुके थे। वृद्धा को चिकित्सक के पास ले जाकर इलाज कराया गया। थानाध्यक्ष रविकांत मिश्र ने बताया कि घटना की सूचना नहीं है। जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी।