पटेहरा। संतनगर थाना क्षेत्र के खनवर मझारी गांव में बुधवार की दोपहर ट्रैक्टर में थ्रेसर जोड़ते समय सामुदायिक भवन की दीवार गिरने से दबकर बालिका की मौत मामले में पिता ने विपक्षी पर सुलह-समझौते के दबाव बनाने का आरोप लगाया। रविंद्र ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत कर मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। मृतका के पिता रविंद्र का आरोप है कि सामुदायिक भवन पर ग्राम प्रधान के परिवार ने अवैध अतिक्रमण कर रखा है। सामुदायिक भवन के सामने ट्रैक्टर, ट्राॅली थ्रेसर रखा गया है। सामुदायिक भवन की चहारदीवारी के पास थ्रेसर और ट्रैक्टर-ट्राॅली नहीं खड़ी होती तो बेटी शिखा (7) की जान नहीं जाती। आरोप लगाया कि घटना के बाद से ही पुलिस मामले में हीलाहवाली कर रही है। घटना के दूसरे दिन पुत्री के शव का दाह संस्कार करने गए तो विपक्षी घटना में शामिल ट्रैक्टर ही बदल दिए। पुलिस ने भी दूसरे दिन ट्रैक्टर का वीडियो बनाया। प्राथमिकी में ट्रैक्टर का नंबर भी नहीं लिखा गया है। पुलिस अब तक ट्रैक्टर को थाने नहीं ले गई। विपक्षी मामले में सुलह-समझौते का दबाव बना रहे हैं। पीड़ित पिता ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर फोन कर मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बबलू ने बताया की थ्रेसर व चैन सामुदायिक भवन के परिसर में रखा गया है। ट्रैक्टर-ट्राॅली बाहर कर दी गई है। थ्रेसर व चैन भी हटा लिया जाएगा। थानाध्यक्ष राजेश राम ने बताया कि घटना के दूसरे दिन ट्रैक्टर का वीडियो बनाया गया है। ट्रैक्टर बदलने की बात गलत है ।