मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सीएम डैशबोर्ड के विकास कार्यों की समीक्षा की। बताया कि जिले को 55 योजनाओं में ए श्रेणी मिली है। कहा कि बी व सी श्रेणी वाले अगले माह ए श्रेणी लाएं नहीं तो कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने एक करोड़ से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा, पूर्वांचल विकास निधि, क्रिटिकल गैप्स योजना, त्वरित आर्थिक विकास योजना, आकांक्षत्मक विकास खंड, वन ट्रिलियन डाॅलर की समीक्षा की। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्ट्रेट, विकास भवन व सभी खंड विकास अधिकारी कार्यालयों में हेल्पडेस्क दो दिवसों में स्थापित करते हुए सूचना उपलब्ध कराने को कहा। अल्पसंख्यक कल्याण द्वारा छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि आवेदन के सापेक्ष अग्रसारित आवेदनों की शत प्रतिशत कराते हुए स्वीकृति के लिए भेजे। सैम व मैम बच्चों की समीक्षा में कहा कि जिले को कुपोषण से मुक्त कराने में अपना योगदान दें। कहा कि सभी अधिकारी मुख्यालय से बिना अनुमति अवश्य लें। जो अधिकारी बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ेगा उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। एक करोड़ से अधिक लागत वाली समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए। यदि निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता खराब पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ सीएल वर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए धर्मजीत सिंह, उपायुक्त एनआरएलएम रमाशंकर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।