मिर्जापुर। नगर के राजकीय इंटर काॅलेज परिसर में सोमवार को रंगारंग कार्यक्रमाें के बीच 68वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता शुरू हो गई। उद्घाटन मैच मुरादाबाद और अलीगढ़ के बीच खेला गया। इसमें अलीगढ़ ने मुरादाबाद को 33-13 से हराकर जीत दर्ज की।
दूसरा मैच अंडर-19 बालिका वर्ग में ही आगरा व आजमगढ़ मंडल के बीच हुआ। जिसमें आजमगढ़ मंडल विजयी रहा। तीसरा मैच अंडर-17 का बालक वर्ग में सहारनपुर व कानपुर मंडल के बीच हुआ। जिसमें सहारनपुर मंडल विजयी रहा। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के उपाध्यक्ष सोहन श्रीमाली ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंनने कहा कि खिलाड़ी समाज के सोना हैं। जिस प्रकार सोना आग में जलकर खरा बनता है, उसी प्रकार वे इस तपती धूप में खेलकर समाज के लिए सोना बनेंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, सीडीओ विशाल कुमार ने भी खिलाड़ियों को संबोधित किया। इससे पहले आर्य कन्या इंटर काॅलेज, श्री शिवलोक श्रीनेत की बालिकाओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, कजरी व अन्य लोकगीतों की प्रस्तुति दी। संयुक्त शिक्षा निदेशक उदयभान ने अतिथियों कास्वागत किया। अध्यक्षता डीआईओएस राजकुमार दीक्षित व संचालन राजवन सिंह ने किया। इस दौरान एडी बेसिक शेषबाला वर्मा, रीता वर्मा, अनीता यादव, महेंद्र नाथ, ओमप्रकाश, अमित रंजन, अनिल कुमार सिंह, विजय शंकर मिश्र आदि मौजूद रहे।