मिर्जापुर। महुवरिया स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में नव प्रवर्तकों ने विभिन्न प्रकार के माॅडलों का प्रदर्शन किया। किसी ने पनचक्की बनाई तो किसी ने अंतरिक्ष यान का माॅडल तैयार कर प्रदर्शित किया। जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के जूनियर वर्ग में अखिलेश कुमार बिंद प्रथम और सौरभ विश्वकर्मा द्वितीय स्थान पर रहे। तृतीय स्थान पर आदित्य रहे।
इसी प्रकार सीनियर वर्ग में रौनक मौर्य प्रथम, कनक द्वितीय और शुभम कनौजिया तृतीय स्थान पर रहे। इससे पहले प्रदर्शनी का शुभारंभ विद्यालय के उप प्रधानाचार्य जय सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की। जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में जिले के 70 राजकीय, शासकीय व स्व वित्त पोषित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। छह उप विषयों की इस प्रदर्शनी में जनपद स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रदर्शनी में सुशील कुमार पांडेय, डॉ. हरिगेंद्र कुशवाहा, डाॅ. अनिल पांडेय आदि मौजूद रहे।