मिर्जापुर। 51वीं अंतर वाहिनी एलार्म एफिसिएंसी रेस व रायफल शूटिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को चुनार के बड़गवां स्थित फायरिंग बट में कारबाइन शूटिंग प्रतियोगिता हुई। इसमें आजमगढ़ वाहिनी पहले स्थान पर रही। प्रतियोगिता में 10 जिलों के पीएससी के 250 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को बड़गावा चुनार में 9 एमएम कारबाइन की शूटिंग प्रतियोगिता हुई। इसमें 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मेजबान 39वीं वाहिनी पीएसी मिर्जापुर दूसरे तथा 12वीं वाहिनी पीएसी फतेहपुर तीसरे स्थान पर रही। पांच सितंबर को स्नैप शूटिंग, रायफल बिग बोर, पिस्टल, रिवाल्वर शूटिंग प्रतियोगिता होगी। इस दौरान वाहिनी चिकित्साधिकारी राजीव कुमार, सहायक सेनानायक दिनेश कुमार सिंह यादव, कल्पनाथ राम, अरविंद कुमार, मनोज कुमार सिंह, विनय कुमार आदि मौजूद रहे।