लालगंज। विंध्य युवा अधिवक्ता समिति के लोगों ने बुधवार को उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर लालगंज क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने की मांग की।
समिति के अध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ने कहा कि धान की नर्सरी सूख गई है। नदियों में पानी नहीं है। खेतों को पानी नहीं मिल रहा है। पूर्व अध्यक्ष प्रभुनाथ द्विवेदी ने कहा कि कम बारिश होने के कारण पेयजल और पशुओं के चारे की समस्या गंभीर होती जा रही है। पशुपालकों को अगले दो माह में भूसे की व्यवस्था करनी पड़ेगी। समिति के पूर्व अध्यक्ष केदारनाथ शुक्ला ने कहा कि हैंडपंप भी पानी देना बंद कर दे रहे हैं। बाणसागर नहर से प्रयागराज के लिए पानी भेजा जा रहा है, लेकिन मिर्जापुर को पानी नहीं मिल रहा है। ज्ञापन देने वालों में विजय सिंह मौर्य, सुरेंद्र मिश्रा, कैलाशपति त्रिपाठी, राजेंद्र प्रसाद मौर्य, विपिन त्रिपाठी, जयप्रकाश दुबे, भूषण पांडे, विमलेश चंद्र त्रिपाठी आदि शामिल रहे।