मिर्जापुर। इंडियन रेड क्रास सोसायटी और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की मिर्जापुर शाखा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को विकास भवन सभागार में टीबी मरीजों के सहयोग के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि रेड क्रॉस सोसायटी की महासचिव डाॅ. हेमा बिंदु नायक ने जिले के 51 टीबी मरीजों को पोषण पोटली आदि वितरित की। इंडियन रेड क्रास सोसाइटी और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की मिर्जापुर शाखा ने 51 टीबी मरीजों को गोद लिया।
डाॅ. हेमा बिंदु ने टीबी मरीजों से आह्वान किया कि दवा का सेवन नियमित करें। उन्होंने मरीजों को खान-पान पर विशेष ध्यान रखने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जल्दी ही जनपद में रेड क्रॉस सोसायटी के कार्यालय की स्थापना की जाएगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद समिति के उप सभापति अखिलेंद्र शाही ने कहा कि किसी आपदा की सूचना मिलने पर रेड क्रास सोसायटी के लोग सहयोग के लिए मौजूद मिलेंगे। अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि समाज हित में किए जाने वाले कार्यों के लिए प्रशासन अपने स्तर से हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगा। संचालन कर रहे क्षय रोग विभाग के जिला समन्वयक सतीश शंकर यादव ने लोगों को टीबी के लक्षण एवं विभाग की तरफ से उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। सीएमओ डाॅ. सीएल वर्मा ने अतिथियों को अंग वस्त्र प्रदान किया। इस दौरान सिद्धनाथ सिंह, अरुण कुमार सिंह, अमिता श्रीवास्तव, अजय प्रताप सिंह, डाॅ. एसएन पाठक, डाॅ. अनिल कुमार ओझा, दीपक वर्मा आदि मौजूद रहे।