परमहंस आश्रम में स्थापित 105 फीट ऊंचा विशाल ध्वज।-सोशल मीडिया।
सक्तेशगढ़। श्री परमहंस आश्रम में शनिवार को स्थापित 105 फीट ऊंचे विशाल ध्वज का लोकार्पण स्वामी अड़गड़ानंद महाराज ने किया। ध्वज लोकार्पण के बाद आयोजित सत्संग में स्वामी अड़गड़ानंद महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए धर्म और अध्यात्म का मर्म समझाया।उन्होंने कहा यथार्थ गीता केवल पुस्तक नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव जीवन का मार्गदर्शक ग्रंथ है। यह मनुष्य को सत्य के मार्ग पर चलने और आत्म-कल्याण की प्रेरणा देती है। वरिष्ठ संत नारद महाराज ने नवनिर्मित ध्वज के बारे में तकनीकी और आध्यात्मिक जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि ध्वज का स्तंभ 105 फीट ऊंचा है। मुख्य आकार 20 गुणे 30 फीट है। ध्वज पर पवित्र ''ॐ'' का चिन्ह और ''यथार्थ गीता'' के मुखपृष्ठ की आकृति अंकित की गई। नारद महाराज ने बताया कि यह ध्वज आश्रम की आध्यात्मिक पहचान और यथार्थ गीता के वैश्विक संदेश का प्रतीक है। इस अवसर पर आश्रम से जुड़े अन्य संतगण एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।