मिर्जापुर। सावन माह व रक्षाबंधन पर्व के मौके पर रोडवेज की बसों में होने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 17 से 22 अगस्त तक रोडवेज मिर्जापुर डिपो की बसें अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। इस बीच रोडवेज के कर्मचारियों की छुट्टी भी रोक दी गई है। जिस रूट पर यात्रियों की भीड़ ज्यादा रहेगी, उस पर बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए रोडवेज की बसों में यात्रियों का दबाव रहेगा। रक्षाबंधन वाले दिन तो बहनों को रोडवेज से नि:शुल्क यात्रा कराई जाती है। इस कारण से रोडवेज की बसों में खासतौर से महिला यात्रियों की ज्यादा भीड़ रहती है। इसे देखते हुए रोडवेज मिर्जापुर डिपो प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। रोडवेज प्रशासन ने विभाग के सभी कर्मचारियों की छुट्टियां 17 से 22 अगस्त तक के लिए रोक लगा दी है। रोडवेज मिर्जापुर डिपो में 84 बसें हैं। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए सोनभद्र और प्रयागराज रूट पर यात्रियों की संख्या ज्यादा रहेगी। इसलिए इस रूट पर अतिरिक्त बसें से लगाई ही जाएंगी, साथ ही बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। इसके अलावा अन्य जिन रूटों पर यात्रियों की संख्या ज्यादा होगी, उस पर भी अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी। ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की समस्या न हो। एआरएम कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि रोडवेज मिर्जापुर डिपो में रक्षाबंधन के मौके पर यात्रियों की होने वाली भीड़ को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं। उन्होंने बताया कि 17 से 22 अगस्त तक यात्रियों की भीड़ ज्यादा रहेगी। जिस रूट पर भीड़ ज्यादा रहेगी, उस पर अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी।