लालगंज। मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने शनिवार को लालगंज विकास खंड के आधा दर्जन गांवों का दौरा किया। उन्होंने आवास, अमृत सरोवर, शौचालय, मनरेगा के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों को उन्होंने आगाह किया कि पेयजल की समस्या की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि लाभार्थियों के आवास मानक के विपरीत पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खंड विकास अधिकारी व पंचायत सचिव को पेयजल संकट से जूझ रहे गांवों में टैंकर से पानी उपलब्ध कराने की विशेष व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। इसके बाद लालगंज विकास खंड के सभागार में पंचायत सचिवों के साथ बैठक करके मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के सभी मानकों के अनुरूप आवास निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि नए आवास पात्र लाभार्थियों को मिलेंगे। बैठक के दौरान उन्होंने पंचायत सचिवों से पेयजल संकट की जानकारी ली। साथ ही चेतावनी दी कि पेयजल समस्या को लेकर लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बसहीं के ग्राम विकास अधिकारी को बुलाकर मुसहर बस्ती में पेयजल संकट की जानकारी लेने के बाद तत्काल टैंकर से पानी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
मुख्य विकास अधिकारी को तुर्कहा के पंचायत सचिव शशिकांत द्विवेदी बताया कि 738 फीट बोर होने के बाद भी पानी नहीं निकल रहा है। पेयजल समस्या को देखते हुए टैंकर से जलापूर्ति की जा रही है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी संजय श्रीवास्तव को निर्देश दिया कि जिन गांवों में पेयजल समस्या बनी हुई है, वहां क्षेत्र पंचायत से सामंजस्य बनाकर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।
बैठक से पहले मुख्य विकास अधिकारी ने राजापुर गांव में जाकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवास का निरीक्षण कर पंचायत सचिव को निर्देशित किया कि इसकी फिनिशिंग अच्छी होनी चाहिए। इसी प्रकार कठवार में मुख्यमंत्री आवास निर्माण के बारे में उन्होंने लाभार्थियों से पूछताछ की। गंगहरा में निर्माणाधीन अमृत सरोवर को देखने के बाद ग्राम विकास अधिकारी श्यामधर तिवारी से बात करके कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नेवढि़या गांव के चेक डैम को देखकर कहा कि घास-फूस की सफाई कराकर उपयोगी बनाएं। निरीक्षण के साथ गांवों में पहुंचकर शौचालय से संबंधित लाभार्थियों से बात की। उनके साथ खंड विकास अधिकारी संजय श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। बैठक में श्यामधर तिवारी, शशिकांत धर द्विवेदी, कैलाश नाथ विंद, लल्लू राम भारती, जगदीश पटेल आदि मौजूद रहे।