कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिला उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं को सुना गया और उसके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया। निवेश मित्र योजना के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को कुल प्राप्त 72 आवेदन पत्रों में से सर्वाधिक 11 आवेदन पत्र लंबित रहने और बैठक में जिला प्रदूषण अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने उनके विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया। निवेश मित्र योजनान्तर्गत एक अप्रैल 2022 से 22 मई 2022 तक कुल प्राप्त 499 आवेदन पत्रों के सापेक्ष 462 आवेदन पत्र को स्वीकृत किया गया। दो निरस्त और 25 आवेदन पत्र लम्बित हैं। उद्योग विभाग द्वारा संचालित योजनाओं में पीएमईजीपी योजनान्तर्गत शासन द्वारा प्राप्त 52 लक्ष्य के सापेक्ष 13 आवेदन पत्रों की स्वीकृति प्रदान करते हुए चार पर वितरण की कार्रवाई की गयी है। जिलाधिकारी ने शेष आवेदन पत्रों का लक्ष्य की पूर्ति करने का निर्देश दिया। बैठक मे औद्योगिक स्थान चुनार गेट नं. दो पर अनाधिकृत रूप से निर्माण हटाने का निर्देश अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका चुनार को दिया गया। इसी प्रकार औद्योगिक स्थान चुनार में स्थित प्लांट नम्बर बी-02 को नियमानुसार विद्युत कनेक्शन दिलाने का भी निर्देश अधिशाषी अभियन्ता विद्युत चुनार को दिया गया। मेसर्स अलास्का इंटरनेशनल रिसार्ट चुनार को वन विभाग के द्वारा रास्ता उपलब्ध कराने के संबंध में प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि इकाई को वन भूमि में रास्ता चाहिए तो केंद्र सरकार की वेबसाइट परिवेश पोर्टल पर आनलाइन आवेदन करे ताकि निस्तारण किया जा सकें। नवीन औद्योगिक स्थान निर्माण के लिये भेजे गये रिपोर्ट का निरीक्षण करते हुये उपजिलाधिकारी मड़िहान को अपने स्तर से जॉच आख्या 15 जून 2022 तक उपलब्ध कराने को कहा गया। औद्योगिक स्थान पथरहिया में साफ-सफाई के लिये अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका मिर्जापु को निर्देशित करते हुए रोलिंग बेलन मशीन जाब वर्क को प्रदूषण व अन्य विभाग द्वारा शहरी क्षेत्रो से अन्य स्थलो पर शिफ्ट करने पर भी चर्चा की गयी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस, प्रभागीय वनाधिकारी पीएस त्रिपाठी, उपायुक्त उद्योग बी.के. चौधरी, उद्यमी भोलानाथ पाण्डेय के अलावा अधिशाषी अभियन्ता विद्युत मनोज यादव व अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।