मिर्जापुर। राजकीय कृषि बीज भंडार पटेहरा में महंगे दर पर हो रहे बीज बिक्री का मामला सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने पर कृषि विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है। उप कृषि निदेशक ने कहा कि कृषि बीज भंडारों पर पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि यदि कही अधिक मूल्य लिए जाने की शिकायत मिलती है तो संबंधित गोदाम प्रभारी पर सीधे तौर पर कार्यवाही होगी। उप कृषि निदेशक अशोक उपाध्याय ने बताया कि वर्ष 2021-22 में खरीफ फसल धान की समस्त प्रजाति में मालवीय सुगंधा एचयूआर - 917, सीओ - 51, सीयाट्स -1, पीआर -121 जो 10 वर्ष से कम की प्रजाति है जिस पर मूल्य का 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 20 रुपये प्रति किलोग्राम अनुदान देय है। धान पंत - 24, एनडीआर - 2065, एमटीयू - 7029 एवं सरजू - 52 जो 10 वर्ष से ऊपर की प्रजाति है पर 10 रुपये प्रति किलोग्राम अनुदान दिया जाएगा। उक्त अनुदान डीबीटी के माध्यम से किसानों के खाते में सीधे स्थानांतरित कर दी जाएगी। उप कृषि निदेशक ने बताया कि 692.10 कुंतल धान बीज प्राप्त हो गया है। जो सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर भेजा जा चुका है। जिसका वितरण राजकीय कृषि बीज गोदामों से किया जा रहा है।