मिर्जापुर। अपर जिलाधिकारी व धान खरीद के नोडल अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने सभी उप जिलाधिकारियों को प्रतिदिन केंद्रवार धान खरीद की रिपोर्ट लेने और खरीद में रुचि न लेने वाले केंद्र प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने बताया कि बुधवार तक 4226 किसानों से 26959.37 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है, जो पिछले वर्ष की इस तिथि तक कुल खरीद 28298.50 मीट्रिक टन की तुलना में करीब 1339.13 मीट्रिक टन कम है। हालांकि 11 दिसंबर से केंद्रों पर दो कांटों की वृद्धि से दैनिक खरीद में प्रगति हो रही है। इससे दैनिक खरीद 1700 मीट्रिक टन से बढ़कर 3000 मीट्रिक टन को पार कर गई है। उन्होंने बताया कि किसानों को 5884.74 लाख की तुलना में 4540.49 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। अब तक 23813 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीकरण कराया है। इसकी तुलना में कुल 17699 किसानों का सत्यापन किया गया है। जिले में 686 किसानों से कुल 1942.98 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद की गई है। मंडल के अन्य दो जिलों की तुलना में मिर्जापुर में सर्वाधिक बाजरा की खरीद की गई है। इसी प्रकार सात किसानों से 21.40 मीट्रिक टन मक्के की खरीद की गई है। साथ ही नौ किसानों से 20 मीट्रिक टन ज्वार की भी खरीद की गई है।