हलिया। थाना क्षेत्र के फुलियारी गांव के घोड़ाटाप मजरे में भूत-प्रेत के विवाद में बुधवार की सुबह चाचा की हत्या करने के आरोपी भतीजे का पुलिस ने पिड़रिया जंगल से गिरफ्तार कर लिया। गांव निवासी 21 वर्षीय रविशंकर लगातार बीमार होने के कारण मंगलवार की रात को आस-पास के गांव के कई ओझा को बुलाया। रात भर ओझाई चली। ओझा रात भर पूजा-पाठ करते रहे। इस दौरान ओझा ने रविशंकर को बताया कि उसके चाचा पनिका के द्वारा किए जा रहे भूत-प्रेत से उसके घर परेशानी आ रही। ओझा द्वारा यह जानकारी देने पर बुधवार की सुबह रविशंकर ने अपने चाचा 45 वर्षीय पनिका पर आरोप लगाया। इसके बाद चाचा-भतीजे में विवाद हो गया। विवाद में भतीजे रविशंकर ने अपने चाचा पनिका को लोहे के राड से पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी रविशंकर को पिड़रिया के जंगल से गिरफ्तार कर लिया।